- जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने लहराया परचम, कबड्डी में छात्र वर्ग प्रथम और छात्रा वर्ग द्वितीय स्थान पर
संगरिया। खेल के क्षेत्र में एसकेएम पब्लिक स्कूल, ग्रामोत्थान विद्यापीठ, संगरिया ने एक बार फिर शानदार उपलब्धि हासिल की है। 31वीं जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के 9 खिलाड़ियों का चयन 69वीं राज्य स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। जिला स्तरीय 11 वर्षीय कबड्डी प्रतियोगिता में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्र वर्ग की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि छात्रा वर्ग की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
इन खिलाड़ियों ने किया विद्यालय का नाम रोशन
राज्य स्तर पर चयनित खिलाड़ियों में 19 वर्षीय छात्र वर्ग बास्केटबॉल में विशाल और मोहित पूनिया, छात्रा वर्ग बास्केटबॉल में खुशमीत कौर, 19 वर्षीय छात्र वर्ग वॉलीबॉल में शुभम, 17 वर्षीय छात्रा वर्ग राइफल शूटिंग की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रौनक, 14 वर्षीय छात्र वर्ग लॉन टेनिस में रुद्र, 19 वर्षीय छात्र वर्ग बैडमिंटन में पवनदीप और 19 वर्षीय छात्रा वर्ग एथलेटिक्स में आस्था शामिल हैं। वहीं, 19 वर्षीय छात्र वर्ग की जेवलिन थ्रो प्रतियोगिता में रुद्र प्रताप ने राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय की प्रतिभावान धावक आस्था पुत्री दारा सिंह ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा कक्षा 12 के छात्र मनदीप सिंह ने शॉट पुट प्रतियोगिता में जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की 19 वर्षीय छात्र बास्केटबॉल टीम को भी जिला स्तर पर तृतीय स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया।
विद्यालय में खिलाड़ियों का सम्मान, प्रबंधन ने दी बधाई
खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। ग्रामोत्थान विद्यापीठ के सचिव सुखराज सिंह सलवारा और विद्यालय के प्राचार्य एस.के. मुरारी ने चयनित खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कबड्डी कोच गुरलाल सिंह, कविता, बास्केटबॉल कोच अरविंद कुमार, ओम प्रकाश, योग शिक्षिका रमा देवी और खेल विभाग के कोऑर्डिनेटर रूप सिंह को भी बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। विद्यालय भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
