– मरीजों से फोन पर ली उपचार एवं दवाइयों की जानकारी, किया क्रॉस वैरिफिकेशन
हनुमानगढ़। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा ने सोमवार को संगरिया ब्लॉक के दो साइक्रेटिक क्लिनिक का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री रूद्रा साइक्रेटिक क्लिनिक और न्यू आदर्श क्लिनिक में दवाइयों के स्टॉक, कार्यरत स्टाफ के सत्यापन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जांच की गई। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दोनों क्लिनिक में दवाइयों के स्टॉक का मिलान किया गया तथा कार्यरत स्टाफ की जानकारी का सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त, दोनों चिकित्सा संस्थानों से दवाइयां लेकर उपचार करवाने वाले मरीजों से फोन पर संपर्क कर उनके उपचार, उपलब्ध करवाई जा रही दवाइयों तथा नियमित रूप से दवाइयां लेने के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। दवाओं के संबंध में फोन पर मरीजों से जानकारी मांगी गई और मरीजों द्वारा ली गई दवाइयों का क्रॉस वैफिकेशन किया गया। जांच के दौरान दोनों संस्थानों के स्टाफ के हाजिरी रजिस्टर में उपस्थिति संबंधी कॉलम खाली पाए गए। इस संबंध में संस्थान संचालकों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। अधिकारियों ने क्लिनिक में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उनके साथ डीईओ जसविन्द्र बराड़ भी उपस्थित रहे।सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित चिकित्सा संस्थानों को नोटिस जारी कर संस्थान संचालकों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चिकित्सा संस्थानों में व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध हो सकें।
