हनुमानगढ़। भारत विकास परिषद की ओर से 25 अक्टूबर को बीकानेर में आयोजित प्रांतीय समूह ज्ञान प्रतियोगिता में परिषद की हनुमानगढ़ नगर इकाई का प्रतिनिधित्व कर रही एसआरएम स्कूल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में पूरे प्रांत की 40 शाखाओं में से 15 शाखाओं ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली एसआरएम स्कूल की टीम अब 15 नवंबर में जयपुर में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इस उपलब्धि पर सोमवार को एसआरएम स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर भारत विकास परिषद की नगर इकाई की ओर से विजेता टीम और संगीत शिक्षक गुलशन अरोड़ा का स्वागत-अभिनंदन किया गया। परिषद पदाधिकारियों ने टीम को सम्मानित करते हुए जयपुर में होने वाली आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। परिषद पदाधिकारियों ने बताया कि एसआरएम स्कूल की टीम पूर्व में भी भारत विकास परिषद की राष्ट्रीय समूह ज्ञान प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर हनुमानगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। टीम की इस उपलब्धि से शहर का गौरव बढ़ा है। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि टीम जयपुर में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता बनकर लौटेगी।
