हनुमानगढ़। सप्ताह का आखिरी दिन शनिवार भी घने कोहरे की आगोश में लिपटा रहा। सुबह के समय घने कोहरे के साथ शीतलहर ने आमजन को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। दोपहर तक धूप नदारद रही और शीतदिन की स्थिति रही। लोग घरों में दुबके रहे। हनुमानगढ़ सहित उत्तर-पश्चिमी इलाके ऊपरी स्तर पर धुंध से प्रभावित रहे। बाजारों से सुबह-शाम के समय चहल-पहल गायब रही। जरूरी कार्य होने पर घरों से निकने लोग गर्म कपड़ों में लकदक नजर आए। दोपहर को निकली हल्की धूप भी बेअसर रही। नागरिकों ने अलाव तापकर सर्दी दूर भगाने का प्रयास किया।

शाम होते-होते फिर सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। अगले कुछ दिन तक कड़ाके की सर्दी व शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर की ओर से शनिवार को जारी किए गए राजस्थान मौसम अपडेट के अनुसार शनिवार को भी राज्य के जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में घना कोहरा व कहीं-कहीं शीतदिन व शीतलहर दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान श्रीगंगानगर में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया।

राज्य के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम मुख्यत: शुष्क रहने तथा पश्चिमी, उत्तरी व पूर्वी भागों के कुछ भागों में आगामी 2-3 दिन घना कोहरा व शीतदिन की स्थिति जारी रहने की संभावना है। राज्य के उत्तरी भागों में आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट होने व कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। इस दौरान 11-12 जनवरी को शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं अतिशीत लहर की संभावना है।
