– जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने पुलिस लाइन में अधिकारियों-जवानों को किया ब्रीफ, लापरवाही और अनुशासनहीनता पर कार्रवाई की चेतावनी
हनुमानगढ़। पंचायती राज चुनाव-2026 के तीसरे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने चुनाव ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर एमपी सिंह ने भी चुनाव प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने चुनाव ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत करवाया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मतदान प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता की अक्षरश: पालना सुनिश्चित की जाए। मतदान केन्द्रों एवं उनके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए तथा संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष निगरानी की जाए। असामाजिक तत्वों और चुनाव प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखते हुए किसी भी अवांछित गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। पुलिस जवानों को आमजन एवं मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार रखने, मतदान केन्द्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा मतदाताओं को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से मतदान करने का माहौल उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपसी समन्वय और बेहतर संचार व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की हिदायत दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसपी ने स्पष्ट किया कि चुनाव ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी निभाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायती राज चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न हो सकें। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेक्टर नोहर गीता चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसआईयूसीएडब्ल्यू) राजकंवर, वृताधिकारी वृत्त हनुमानगढ़ मीनाक्षी सहित सभी वृताधिकारी, थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं आरएसी के जवान मौजूद रहे।
