हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गोसेवा आश्रम परिसर में नवनिर्मित गो सेवक निवास भवन का लोकार्पण गुरुवार को विधायक गणेश राज बंसल की ओर से विधिवत रूप से किया गया। इस मौके पर निवर्तमान सभापति सुमित रणवां, नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव, कृषि उपज मण्डी समिति सचिव विष्णुदत्त शर्मा, एक्सईएन रामावतार मीणा, आश्रम प्रबंधक भीष्म कौशिक, राजीव गर्ग, रविन्द्र अरोड़ा, रवि ओझा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं गोवंश की खुशहाली की कामना को लेकर हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सभी यजमानों ने आहुति अर्पित की और गोमाता के कल्याण एवं नगर की उन्नति की प्रार्थना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि गोसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। गोवंश की सेवा करना मानव सेवा के समान है। उन्होंने नगर परिषद एवं आश्रम प्रबंधन की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यांे की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग का आश्वासन दिया। निवर्तमान सभापति सुमित रणवां एवं आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने कहा कि गोसेवा आश्रम की ओर से बीमार एवं निराश्रित गोवंश के उपचार, संरक्षण एवं देखभाल का कार्य सराहनीय है। इस प्रकार के भवनों के निर्माण से गोसेवकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और सेवा कार्य और अधिक प्रभावी होगा। आश्रम प्रबंधक भीष्म कौशिक ने बताया कि यह गोसेवक निवास भवन नगर परिषद के सहयोग से निर्मित किया गया है, जिसकी आश्रम में लम्बे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उन्होंने बताया कि आश्रम में दिन-रात सेवा करने वाले गोसेवकों के लिए यह भवन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा, जिससे उन्हें विश्राम एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
