हनुमानगढ़। राष्ट्रीय युवक परिषद सदस्यों ने पहल करते हुए मकर संक्रांति का पर्व टाउन स्थित अपना घर, वृद्धाश्रम में निवासरत अपनों से दूर वृद्धजनों के साथ मनाकर पर्व की खुशियां सांझी की। इससे वृद्धजनों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार रणवीर फुले, विशिष्ट अतिथि गिरधारी लाल, माया देवी एवं वीरेंद्र जैन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय युवक परिषद जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृद्धजनों को रेवड़ी, मूंगफली, पापड़ी, बिस्कुट, मिठाई एवं फल वितरित किए। इस मौके पर नायब तहसीलदार रणवीर फुले ने कहा कि समाज के वंचित एवं बुजुर्ग वर्ग के साथ त्योहार मनाना सच्ची सामाजिक सेवा है। इससे आत्मिक संतोष प्राप्त होता है। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन के अनुसार परिषद सदस्यों की ओर से प्रत्येक त्योहार, सदस्यों का जन्मदिन, पुण्यतिथि एवं विवाह वर्षगांठ जैसे मौकों को वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों के साथ मनाया जाता है। इसके पीछे का मकसद है कि अपनों से दूर वृद्धजन अकेलापन महसूस न करें और उन्हें परिवार जैसा माहौल मिले। इस मौके पर कुरड़ाराम, सचिन त्यागी, सचिन वाट्स, रामगोपाल सैन, दिनेश शर्मा, राकेश त्यागी, कीर्ति, किशोरी, नत्थूराम कालवा, हिमांशी मौजूद रहे।
