हनुमानगढ़। श्री बाबा मस्तनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल ट्रेनिंग एंड रिसर्च कॉलेज, थेड़ी गंगानी में शुक्रवार को यौन उत्पीड़न रोकथाम एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संबंधित कानूनों, अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. रामावतार कौशिक ने यौन उत्पीड़न निवारण अधिनियम (पॉश एक्ट) की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की शिकायत की स्थिति में किस प्रकार की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। साइबर सुरक्षा सत्र में डॉ. विकास कुमार ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचने के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों का उपयोग बढ़ने के साथ-साथ साइबर अपराधों की संभावना भी बढ़ रही है। ऐसे में इस प्रकार की कार्यशालाएं अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विषय से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका समाधान किया गया। कार्यशाला में पायल, शीतल, बसंत, सोनू, डिम्पल, सुमन, कालूराम, कपिल, देवीलाल, सतप्रीत सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने पोस्टर, कविता, गायन के माध्यम से जागरूक किया।
