हनुमानगढ़। मां भद्रकाली क्षेत्र विकास सेवा समिति ने राजस्थान सरकार से आगामी बजट सत्र 2026-27 में हनुमानगढ़ जिले के किसानों की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए बजट जारी करने की मांग की है। इस संबंध में समिति पदाधिकारियों ने शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम भाजपा युवा नेता अमित सहू को ज्ञापन सौंपा। समिति ने राजस्थान राज्य विशेषकर हनुमानगढ़ व श्रीगंगानगर जिलों को केन्द्र की पराली प्रबंधन योजना में शामिल करने, घग्घर नदी के पानी की राइस बैल्ट सिंचाई के लिए दीर्घकालीन योजना बनाकर पाकिस्तान जाने वाले पानी का उचित प्रबंधन करने, घग्घर नदी के पानी से होने वाली तबाही को रोकने के लिए बंधों के प्रबंधन के लिए बजट जारी करने, गिरते जलस्तर को बचाने और गन्ने की खेती को प्रोत्साहन देने के लिए शुगर मिल की स्थापना करने, नरमा उत्पादक किसानों को उचित मूल्य का लाभ दिलवाने के लिए बंद पड़ी स्पिनिंग मिल का शुरू करने, एमएसपी पर चावल की सरकारी खरीद की व्यवस्था करने, कृषि क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत तंत्र को मजबूत करने, किसान की ओर से उत्पादित फसलों की एमएसपी पर खरीद की उत्तम व्यवस्था करने, किसानों को कृषि के क्षेत्र में जागरूक करने के लिए कृषि विभाग की ओर से किसानों के साथ ज्यादा से ज्यादा संवाद स्थापित करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए जैविक उत्पादकों की मण्डी विकसित करने एवं जांच के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयोगशाला की स्थापना, छोटी यूनिट जैसे दाल मिल, चावल मिल या जांच यूनिट खोलने के लिए बजट जारी कर किसानों को लाभाविन्त करने की मांग की।

इसके अलावा समिति ने एक अन्य ज्ञापन सौंपकर प्राचीन ऐतिहासिक मां भद्रकाली मन्दिर का पुन:निर्माण करवाने के लिए आवश्यक योजनाओं की स्वीकृति प्रदान करने और नीम कॉरीडोर/वृक्षारोपण योजनाओं को पुन: प्रभावी रूप से लागू करवाने की मांग की। इस मौके पर समिति अध्यक्ष भगवान सिंह खुड़ी व सचिव सुरेन्द्र शेखावत, कोषाध्यक्ष मोहम्मद असलम, दलपत सिंह, केवल कृष्ण काठपाल सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद थे।

