हनुमानगढ़। टाउन की धानका, तोला मजदूर यूनियन के चुनाव को लेकर मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन था। निर्धारित समय सीमा के भीतर अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी एडवोकेट अशोक छोड़ा एवं वंश छोड़ा को सौंपे। यह चुनाव अध्यक्ष पद के लिए कराया जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया दोपहर 2 बजे तक चली। अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें चिरंजीलाल खर्रा, विनोद लुगरिया और सुभाष बागड़ी शामिल हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद चुनाव अधिकारी की ओर से सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई। अंतिम समय में चिरंजीलाल खर्रा अपने समर्थकों के साथ किसान मजदूर रेस्ट हाउस पहुंचे और वहां चुनाव अधिकारी को नामांकन पत्र सौंपा। इस मौके पर सहायक चुनाव अधिकारी रॉकी पचेरवाल, सतपाल मौर्य एवं पाली महावर भी मौजूद रहे। चुनाव अधिकारी एडवोकेट अशोक छोड़ा ने बताया कि धानका, तोला मजदूर यूनियन के चुनाव 25 जनवरी को सम्पन्न होंगे। यूनियन में तोला वर्ग के कुल 351 मतदाता तथा हम्माल धानका वर्ग के 216 मतदाता हैं। इस प्रकार कुल 567 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर अध्यक्ष पद के लिए अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। चुनाव अधिकारी ने बताया कि 24 जनवरी को प्रत्याशियों की अंतिम सूची चस्पा की जाएगी और उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। मतदान 25 जनवरी को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी और निर्वाचित प्रत्याशी को विधिवत रूप से अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। यूनियन चुनाव को लेकर सदस्यों में उत्सुकता बनी हुई है और प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ प्रचार में जुटे हुए हैं।
