हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गुरमीत सिंह चन्दड़ा ने कहा है कि राज्य सरकार शीघ्र ही बजट पेश करने जा रही है, जिससे किसानों और आम जनता को बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने आशा जताई कि आगामी बजट में किसानों की डिग्गियों का लंबे समय से रुका हुआ भुगतान जारी किया जाएगा तथा इस मद में बजट राशि भी बढ़ाई जाएगी। गुरमीत सिंह चन्दड़ा ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की भारी कमी बनी हुई है। मरीजों को नाममात्र की दवाइयां ही मिल पा रही हैं, जो जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने सरकार से अपेक्षा जताई कि बजट में इस दिशा में ठोस प्रावधान किए जाएंगे, जिससे सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने किसानों की फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नरमा, मूंगफली, मूंग, सरसों और गेहूं जैसी प्रमुख फसलों की सरकारी खरीद बेहद सीमित है। इसके कारण किसानों को करोड़ों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार ऐसा प्रावधान करे, जिससे किसानों की सभी फसलों की एमएसपी पर प्रभावी खरीद हो सके। कांग्रेस नेता ने पंजाब से राजस्थान की नहरों में आ रहे गंदे पानी की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है और सरकार को इसके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि जनता को स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके। इसके अलावा उन्होंने बंद पड़ी सहकारी स्पिनिंग मिल को पुन: शुरू करने की मांग की।
