हनुमानगढ़। अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को टाउन क्षेत्र के हिसारिया मार्केट स्थित अग्रसेन चौक पर सर्वसमाज की ओर से भण्डारे का आयोजन किया गया। इस दौरान पकौड़े और जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और राहगीरों ने सहभागिता की। भण्डारे का आयोजन भाजपा नेता जितेंद्र मित्तल की ओर से सर्वसमाज के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नेता अमित सहू, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा तथा पूर्व पार्षद प्रदीप ऐरी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने किया। इस मौके पर विहिप जिलाध्यक्ष डॉ. निशांत बतरा ने कहा कि रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दो वर्ष पूर्ण होने पर आमजन में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण है। रामलला सनातन संस्कृति के पूजनीय और आदर्श स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि यह भण्डारा जनसहयोग से आयोजित किया गया है, ताकि समाज में एकता और सकारात्मक संदेश दिया जा सके। पूर्व पार्षद प्रदीप ऐरी ने कहा कि इस अवसर पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि यह पूरे हिंदू समाज के लिए गर्व का विषय है कि लंबे संघर्ष और प्रतीक्षा के बाद रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हुए और आज यह आस्था का केन्द्र बन चुका है।
