रावतसर। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रावतसर के विद्यार्थियों द्वारा व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत एक शैक्षणिक एवं व्यावसायिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य सत्यदेव राठौड़ द्वारा हरी झंडी दिखाकर कर रवाना किया गया।इस कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को संचालक भीम सिंह शेखावत के पल्लू स्थित गुलाबगढ़ रिजॉर्ट (निर्माणाधीन )का भ्रमण करवाया गया, जहाँ उन्हें वास्तविक कार्यस्थल पर व्यावसायिक कौशलों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।
विद्यार्थियों के गुलाब गढ़ रिसोर्ट पहुंचने पर संचालक भीम सिंह शेखावत और युवा नेता कृष्ण खन्ना के द्वारा विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ का स्वागत किया गया और इसके पश्चात भामाशाह द्वारा विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को प्लंबिंग एवं इलेक्ट्रिसिटी से संबंधित आधुनिक तकनीकों, उपकरणों एवं कार्यप्रणाली की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। रिजॉर्ट में कार्यरत अनुभवी प्लंबर एवं इलेक्ट्रीशियन द्वारा विद्यार्थियों से प्रत्यक्ष वार्तालाप किया गया, जिसमें उन्होंने पाइप लाइन फिटिंग, जल आपूर्ति व्यवस्था, विद्युत वायरिंग, सेफ्टी उपायों एवं आधुनिक उपकरणों के उपयोग के बारे में सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समझाया।
विद्यार्थियों ने जिज्ञासापूर्वक प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर अपने ज्ञान में वृद्धि की। इस प्रकार का व्यावसायिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव प्रदान करता है तथा उन्हें भविष्य के रोजगार एवं कौशल विकास के लिए प्रेरित करता है। भ्रमण दल के साथ स्थानीय विद्यालय से उपप्रधानाचार्य पूनम, किरण, रायसिंह व अजय प्रताप उपस्थित रहे व विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
