हनुमानगढ़। ग्राम जण्डावाली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान वैध मतदाताओं के नाम अवैध रूप से कटवाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए गुरुवार को ग्रामीणों ने जिला कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर एवं माकपा नेता रघुवीर वर्मा के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के उपरांत ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि ग्राम जण्डावाली के बूथ संख्या 37 से 45 तक कुछ लोगों की ओर से झूठे एवं भ्रामक प्रपत्र-7 भरकर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य समुदाय विशेष के प्रति द्वेष भावना से प्रेरित होकर किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित बूथों के बीएलओ की ओर से प्राप्त प्रपत्रों की जांच में अधिकांश आवेदन तथ्यहीन पाए गए हैं। इसके बावजूद इस प्रकार के प्रयास लगातार जारी रहने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस दौरान डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े समुदाय विशेष के मतदाताओं के नाम काटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में वोट हटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि ग्राम जण्डावाली में करीब 58 मतदाताओं के नाम कटवाने का प्रयास सामने आया है। उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और यदि किसी नागरिक का मताधिकार छीना जाता है तो उसकी आवाज दब जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीवित व्यक्ति की ओर से प्रमाण प्रस्तुत करने के बावजूद उसका वोट काटने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एवं इंडिया गठबंधन का प्रत्येक कार्यकर्ता एक-एक वोट की निगरानी करेगा और किसी भी वैध मतदाता का नाम कटने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि एसआईआर प्रक्रिया की पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए संबंधित मतदाताओं के नाम यथावत रखे जाएं तथा झूठे प्रपत्र प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद गुरदीप चहल, रामस्वरूप भाटी, गुलाब सिंह, रफीक, मुकदर अली, इमरान खान, कुर्बान हुसैन, सरदार खान, नवेद खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
क्या कहते हैं तहसीलदार
तहसीलदार हरीश सारण ने आरोपों पर कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। बीएलए-2 क्लेम और ऑब्जेक्शन के दौरान दावा और आपत्ति देने के लिए अधिकृत हैं। 19 जनवरी तक कई लोगों ने अपना दावा और आपत्ति सब्मिट की है। उसकी पूर्णतया जांच करवाने के पश्चात ही उसके संबंध में निर्णय लिया जाएगा। गांव जण्डावाली से 58 क्लेम और ऑब्जेक्शन प्राप्त हुए थे। इनकी जांच की प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है। नियमानुसार जो भी सही एवं पात्र मतदाता पाया जाएगा उनका वोट नहीं काटा जाएगा। जो भी पात्र मतदाता हैं उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यदि वे पात्र हैं तो उनका मत किसी भी सूरत में नहीं काटा जाएगा।
