हनुमानगढ़। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर 27 जनवरी को प्रस्तावित एकदिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को लेकर शनिवार को बैंक यूनियनों के पदाधिकारियों की बैठक हनुमानगढ़ केन्द्र पर आयोजित की गई। बैठक में हड़ताल के दिन के कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 जनवरी को सभी बैंकों के अधिकारी व कर्मचारी सुबह 10.30 बजे जंक्शन स्थित टाउन रोड पर पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय के समक्ष एकत्रित होकर शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन करेंगे। बैठक में तय किया गया कि विरोध-प्रदर्शन के माध्यम से बैंक कर्मी फाइव-डे बैंकिंग, बैंकिंग क्षेत्र में लिए जा रहे कर्मचारी विरोधी निर्णयों तथा श्रमिक हितों की अनदेखी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

प्रदर्शन के उपरांत एक रैली का आयोजन भी किया जाएगा, जो रेलवे स्टेशन से होते हुए पुन: मंडल कार्यालय पहुंचेगी। राजस्थान प्रदेश बैंक एम्पलाइज यूनियन के क्षेत्रीय सचिव एवं पीएनबीईयू राजस्थान के डिप्टी जनरल सेक्रेटरी प्रदीप गोयल ने बताया कि यूनियन की सबसे प्रमुख मांग बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की है, जो वर्ष 2023 से लंबित है। उन्होंने बताया कि दिसम्बर 2023 में आईबीए और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बीच इस संबंध में समझौता हुआ था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। आईबीए ने मामला केन्द्र सरकार के पाले में डाल दिया है, जबकि सरकार की ओर से अब तक अनुमति नहीं मिल पाई है।

उन्होंने बताया कि मार्च 2025 में भी हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन सरकार की ओर से शीघ्र पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने का आश्वासन मिलने पर हड़ताल स्थगित कर दी गई थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं होने से बैंक अधिकारी और कर्मचारी मजबूरन एक बार फिर आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश हुए हैं। इसी के चलते 27 जनवरी को एकदिवसीय हड़ताल का निर्णय लिया गया है। बैठक में में एसबीआईएसए के रीजनल सेक्रेटरी जगप्रीत धींगड़ा, एनसीबीई के रीजनल सेक्रेटरी डूंगरराम भाटी, प्रदीप जोशी, अंकित डोडा, गौरव चिलाना तथा पीएनबी ऑफिसर्स यूनियन के अध्यक्ष दिलीप सिंह मौजूद रहे।

लगातार चार दिन बंद रहेंगे बैंक
24 जनवरी से 27 जनवरी तक लगातार चार दिन बैंकिंग सेवाएं आमजन के लिए प्रभावित रहेंगी। चौथा शनिवार होने के चलते 24 जनवरी को बैंक बंद रहे। 25 जनवरी को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश रहेगा। जबकि 27 जनवरी को देशव्यापी बैंक हड़ताल के चलते सभी सरकारी एवं निजी बैंकों में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। लगातार अवकाश और हड़ताल के कारण आम उपभोक्ताओं को नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, ड्राफ्ट, पासबुक अपडेट और शाखा से जुड़े अन्य बैंकिंग कार्यांे में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
