नोहर। जिले में मादक पदार्थां की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8.50 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। पुलिस ने मौके से बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बाइक भी जब्त की। पुलिस के अनुसार नोहर थाना के एसआई नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम नोहर कस्बे में गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान टीम ने दुर्गा कॉलोनी अण्डरब्रिज के पास बाइक नम्बर आरजे 13 एसएम 3612 को रुकवाकर उस पर सवार दो युवकों की जांच की तो उनके पास 8.50 ग्राम हेरोइन मिली। टीम ने हेरोइन बरामद कर बाइक सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान रविन्द्र कुमार (23) पुत्र जगदीश प्रसाद जाट निवासी दोलेवाला बास तहसील नोहर व मनप्रीत (21) पुत्र महेन्द्र सिंह मेघवाल निवासी वार्ड पांच, सूरपुरा पीएस नोहर के रूप में हुई। टीम ने बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। अनुसंधान नोहर थाना प्रभारी अजय गिरधर कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई नरेन्द्र कुमार, एएसआई जगदीश प्रसाद, हैड कांस्टेबल कालूराम, कांस्टेबल जयवीर, रामहरि व सुरेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।
