हनुमानगढ़। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के गौरवशाली अवसर पर रविवार को हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से जिला मुख्यालय स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर पुलिस बैंड वादन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति की सुमधुर धुनों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।

इस अवसर पर हनुमानगढ़ पुलिस एवं शैक्षणिक संस्थाओं के निपुण पुलिस बैंड वादकों ने वंदे मातरम् सहित अनेक प्रेरणादायी देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रभावी संदेश प्रसारित हुआ, जिसे उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने सराहा। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हरी शंकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, एससीएसटी सेल सीओ करण सिंह, सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला, संचित निरीक्षक अनिल कुमार तथा यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा सहित अनेक पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

इसके साथ ही एसकेडी कॉलेज एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 12, जंक्शन के छात्र-छात्राएं, बैंड दल एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर बैंड वादन में हिस्सा लेने वाले पुलिस कर्मियों एवं विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन ने न केवल वंदे मातरम् की ऐतिहासिक गरिमा को स्मरण कराया, बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को भी सशक्त किया।

