हनुमानगढ़। श्री संत सज्जन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से युवा महोत्सव में लगातार दूसरी बार एकल गायन प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली युवक देव चुघ पुत्र आकाश चुघ का रविवार को अभिनंदन किया गया। इस मौके पर श्री संत सज्जन चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान हरपाल सिंह, उपाध्यक्ष पवन गर्ग, कोषाध्यक्ष विजेंद्र कुमार, विक्रम धूड़िया, सागर धूड़िया, राकेश जिन्दल ने देव चुघ को साफा पहनाकर, माला पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। अभिनंदन समारोह के उपरांत देव चुघ की ओर से राजकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निशुल्क लंगर सेवा का आयोजन किया गया। इस सेवा में मरीजों और उनके परिजनों ने भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्यों ने कहा कि देव चुघ ने अपनी मेहनत, लगन और सुरों की साधना से यह सिद्ध कर दिया है कि हनुमानगढ़ की युवा प्रतिभाएं किसी भी मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। लगातार दूसरी बार राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना एक असाधारण उपलब्धि है, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। देव चुघ ने कहा कि समाज से जो सम्मान और प्रेम उन्हें मिला है, उसका ऋण चुकाने का यह एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों की सेवा से ही जीवन को वास्तविक संतोष मिलता है। गौरतलब है कि श्री संत सज्जन चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले कई वर्षांे से निरंतर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। ट्रस्ट की ओर से प्रतिदिन सुबह एवं शाम दो समय राजकीय अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा आम जरूरतमंद जनता के लिए निशुल्क लंगर की व्यवस्था की जाती है।
