हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित गांधीनगर अंडरब्रिज में प्लास्टिक की पानी की टंकियां लादे एक टेंपो की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह अंडरब्रिज के गार्डर से टकरा गया। टक्कर लगते ही टेंपो का अगला हिस्सा ऊपर की ओर उठ गया। घटना के बाद टेंपो चालक को टंकियां उतारने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और किसी को चोट नहीं आई। टेंपो के फंसने से अंडरब्रिज में कई देर तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से जब प्लास्टिक की टंकियां उतारी गईं, तब जाकर टेंपो को हटाया जा सका और यातायात पुन: सुचारू हुआ। घटना ने अंडरब्रिज में ऊंचाई मानक की अनदेखी और वाहन चालकों की लापरवाही को उजागर किया है।
