हनुमानगढ़। दो केएनजे स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद मां सरस्वती की वंदना की गई। समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

देशभक्ति गीतों के साथ ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित भावनात्मक गीत की प्रस्तुति बच्चों द्वारा दी गई, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। वहीं सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति का संदेश नाटक के माध्यम से देकर विद्यार्थियों ने समाज के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।

प्रधानाचार्य सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथियों के रूप में नरेन्द्रपाल सिंह बराड़, करतार सिंह, डॉ. जगसीर सिंह, सागर गुर्जर, प्रदीप पाल पत्रकार, दिनेश कुमार, रामकुमार, सुखवीर सिंह गिल, रणवीर सिहाग एवं सुबेक कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप तीन विद्यार्थियों को सुखवीर सिंह गिल की ओर से चांदी के सिक्के भेंट कर सम्मानित किया गया।


सुखवीर सिंह गिल ने लगातार दूसरे वर्ष यह प्रेरणादायी पहल करते हुए भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की बात कही। वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसी दिन देशवासियों को मौलिक अधिकार प्राप्त हुए, जिससे स्वतंत्र भारत में सभी नागरिक समान रूप से जीवन जी रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा को जीवन का आधार बनाकर कड़ी मेहनत से आगे बढ़ने और अपने माता-पिता व विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ से मोहनलाल, आत्माराम, अंजू मक्कड़, पूजा, ईशु, बाबूलाल, कुन्ता कुमारी, मोनिका, संजूबाला, आशा, तरसेम बंसल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन अंजू मक्कड़ एवं पूजा ने किया।
