हनुमानगढ़। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के तहत एनएचएआई परियोजना क्रियान्वयन इकाई हनुमानगढ़ द्वारा जिला परिवहन कार्यालय और यातायात पुलिस के सहयोग से 27–28 जनवरी 2026 को दो दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनएचएआई से गौरव सिंघल एवं पुष्कर सिंह, जिला परिवहन अधिकारी नरेश पूनिया तथा यातायात प्रभारी अनिल चिंदा शामिल रहे।
– तकनीकी कार्यशाला में दी महत्वपूर्ण जानकारी
पहले दिन मंगलवार को तकनीकी स्टाफ के लिए कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा नियम, यातायात संकेत, वाहन संचालन की सुरक्षित विधियाँ, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा दुर्घटना रोकथाम के उपाय के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी व मैदानी कार्मिकों की जागरूकता सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

-नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों को किया जागरूक
दूसरे दिन बुधवार को एनएचएआई द्वारा आमंत्रित एस.बी.एस. संस्थान, जयपुर की टीम ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, कैनाल कॉलोनी में रोड़ सेफ्टी जागरूकता अभियान के तहत प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए बच्चों को यातायात नियमों का पालन, सुरक्षित सड़क पार करना, अनुशासित यातायात व्यवहार के बारे में सरल और रोचक तरीके से समझाया गया। बच्चों ने अधिकारियों से प्रश्न भी पूछे और सड़क सुरक्षा की शपथ ली।
-आमजन तक भी पहुंचा संदेश
हनुमानगढ़ टाउन स्थित बस स्टैंड और अल्फा मार्केट में भी नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश आमजन तक पहुँचाया गया। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में रुचि लेकर भागीदारी की। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है।
