हनुमानगढ़। जिले में प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर एक दिवसीय विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों द्वारा अधिक से अधिक कृषकों एवं पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए, विभागीय योजनाओं की जानकारी एवं लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसी सिलसिले में शनिवार को भी जिले के 7 गिरदावर सर्किलों पर शिविरों का आयोजन हुआ। 9 फरवरी तक प्रत्येक गिरदावर वृत्त पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल-संसाधन, उर्जा, उद्योग, आपदा प्रबन्धन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग सहित संबंधित विभागों की सहभागिता से कृषकों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराते हुए लाभ पहुंचाया जा रहा है। शनिवार को हनुमानगढ़ ब्लॉक के कार्यालय पंचायत समिति हनुमानगढ़ टाउन में, नोहर ब्लॉक के जसाना में, संगरिया ब्लॉक के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र संतपुरा में, पीलीबंगा ब्लॉक के अटल सेवा केंद्र गोलूवाला सिहागान में, टिब्बी ब्लॉक के अटल सेवा केंद्र सूरेवाला में, रावतसर ब्लॉक के भारत निर्माण राजीव सेवा केंद्र बरमसर व भादरा ब्लॉक के भारत निर्माण सेवा केंद्र छानीबड़ी में शिविर आयोजित किए गए।

1 फरवरी को यहां आयोजित होंगे शिविर
वहीं रविवार को हनुमानगढ़ ब्लॉक के पंचायत समिति कार्यालय हनुमानगढ़ टाउन, पीलीबंगा ब्लॉक के अटल सेवा केंद्र लिखमीसर, संगरिया ब्लॉक के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र ढाबां, टिब्बी ब्लॉक के अटल सेवा केंद्र डबली खुर्द, रावतसर ब्लॉक के भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र खोडा, नोहर ब्लॉक के परलीका व भादरा ब्लॉक के ग्राम सेवा सहकारी समिति डुंगराना में शिविर आयोजित किए जाएंगे
