हनुमानगढ़। साइबर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर फ्रॉड के मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में सतर्कता और जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने बताया कि अधिकतर साइबर अपराध तीन प्रमुख कारणों डर, जल्दबाजी और लालच के चलते होते हैं। यदि इन तीनों से बचा जाए तो साइबर फ्रॉड की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि किसी भी अनजान स्रोत से एपीके फाइल डाउनलोड न करें और ऑनलाइन गेम्स खेलने से बचें, क्योंकि इनमें धोखाधड़ी की आशंका अधिक रहती है। इसके अलावा किसी के साथ ओटीपी साझा न करने, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने और तथाकथित डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से भ्रमित न होने की हिदायत दी। साइबर थाना प्रभारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो घबराने के बजाय तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 पर सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
