हनुमानगढ़। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती से निपटने के लिए जिला स्तर पर गठित साइबर टास्क फोर्स की बैठक शनिवार को पुलिस अधीक्षक हरि शंकर की अध्यक्षता में एसपी कार्यालय के सभागार में आयोजित की गई। इसमें डिजिटल अरेस्ट के प्रति आमजन में जागरूकता लाने, फर्जी अकाउंट का डाटा बैंकों की ओर से जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने सहित अन्य बिन्दुओं पर चर्चा की गई। एसपी हरि शंकर ने बताया कि जिला स्तर पर साइबर टास्क फोर्स गठित करने का निर्णय पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन-2024 के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में लागू किया गया। सम्मेलन का आयोजन 29 नवम्बर से 1 दिसम्बर 2024 तक भुवनेश्वर (ओडिशा) में किया गया था। महानिदेशक पुलिस, साइबर क्राइम राजस्थान जयपुर की ओर से जारी पत्र के तहत जिला स्तर पर साइबर टास्क फोर्स गठित करने के आदेश दिए गए थे। आदेश प्राप्त होने के पश्चात मई 2025 में जिले में साइबर टास्क फोर्स का गठन किया गया। इस टास्क फोर्स में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग, डीओआईटी तथा बैंक से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी शामिल किए गए हैं। साइबर टास्क फोर्स का उद्देश्य आपसी समन्वय स्थापित करते हुए एक साझा टीम के रूप में कार्य करना है। टास्क फोर्स की ओर से नियमित रूप से कार्यशालाओं और सेमिनारों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कानून प्रवर्तन में आई-टूल्स के संभावित उपयोग, नवीनतम तकनीकों और साइबर अपराध के नए ट्रेंड्स की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर अपराधों से सतर्क रखने एवं ज्ञान का नियमित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि साइबर टास्क फोर्स के गठन से जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल राज कंवर, साइबर थाना प्रभारी रघुवीर सिंह बीका, एएसआई वाहेगुरु सिंह सहित बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
