हनुमानगढ़। ग्रेफ चौराहे से बाइपास की ओर जाने वाले मार्ग पर रात्रि के समय मुर्गी दाने से भरा एक ट्रोला एप्रोच रोड से फिसलते हुए निर्माणाधीन पुल की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात के समय हुई, जब मार्ग पर आवागमन अपेक्षाकृत कम था। ट्रक फंसने से सोमवार को पूरा दिन यातायात भी बाधित रहा। स्थानीय नागरिकों ने निर्माणाधीन पुल के पास सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाते हुए पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
