हनुमानगढ़। अधिशासी अभियंता की ओर से कथित रूप से विकेट उखाड़ने व अभद्र व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर सोमवार को राजस्थान विद्युत प्रसारण मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रतिनिधियों को राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के अधीक्षण अभियंता की ओर से वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया। लेकिन किसी प्रकार की सहमति न बनने के कारण वार्ता असफल रही। कर्मचारियों ने निगम प्रशासन को मंगलवार तक का समय देते हुए कार्रवाई न होने पर बुधवार से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। संगठन के श्रीगंगानगर जिलाध्यक्ष सुनील गिरी ने आरोप लगाया कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 23 जनवरी को हुए क्रिकेट मैच के प्रारंभ होते ही अधिशासी अभियंता वीरेन्द्र बेनीवाल क्रिकेट पिच से विकेट उखाड़कर अपने निजी वाहन में डालकर ले गए। यह कृत्य एक बार नहीं बल्कि जानबूझकर दो बार किया गया। घटना के समय अधीक्षण अभियंता भी मौके पर मौजूद थे।

इस घटनाक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता ने कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात की तथा खुलेआम धमकी दी। उन्होंने यहां तक कह दिया कि क्रिकेट पिच को जेसीबी से उखाड़ दिया जाएगा। इसके साथ ही खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रहे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का आकस्मिक अवकाश भी एकतरफा रूप से लगा दिया, जो निगम नियमों का खुला उल्लंघन है। स्पोर्ट्स टूर्नामेंट 2026 व्हाट्सएप ग्रुप में भी अधिशासी अभियंता ने आपत्तिजनक व धमकी भरे संदेश डाले। इससे कर्मचारियों में भय व अराजकता का माहौल उत्पन्न हो गया है। उन्होंने मांग की है कि अधिशासी अभियंता के खिलाफ निगम नियमों व राज्य सरकार के आदेशों के अनुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक कोई कार्रवाई नहीं होती है तो इंटक संगठन को पूरे राजस्थान में गांधीवादी तरीके से धरना या आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वार्ता में हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष सतपाल डूडी, महामंत्री अशोक कुमार, प्रदेश संगठन मंत्री बैरम खान, प्रभारी लालचंद मेहरड़ा, प्रदेश मंत्री कश्मीरी लाल शामिल रहे। इंटक के श्याम सुंदर शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष, गंगानगर जिला अध्यक्ष सुनील गिरी, जिला महामंत्री अशोक कुमार, जिला अध्यक्ष सतपाल डूडी, प्रदेश संगठन मंत्री बैरम खान बीकानेर, जिला प्रभारी लालचंद मेहरड़ा, जिला महामंत्री कश्मीरी लाल, मनोज भारद्वाज, उपाध्यक्ष तरजिंदर सिंह, जिला संरक्षक किशन सिंह राजावत जिलाध्यक्ष समेत संभाग के बड़े नेता रहे मौजूद।
