ऐलनाबाद। सीआईए सिरसा पुलिस टीम ने गश्त के दौरान डिंग मंडी क्षेत्र से स्कूटी सवार एक युवक को हजारों रुपए की 14 ग्राम 540 मिलीग्राम हेरोइन व 24 हजार रुपए की राशि सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान विजय पुत्र सुरजीत सिंह निवासी कुक्कड़ थाना जिला सिरसा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान डिंग मंडी से होती हुई गांव बोदिवाली की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने से स्कूटी सवार एक नौजवान युवक आता हुआ दिखाई दिया । उक्त स्कूटी सवार युवक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक स्कूटी को वापस मोड़कर भागने का प्रयास कि स्कूटी अचानक बंद हो गई। पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर उक्त स्कूटी सवार युवक को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जा से 14 ग्राम 540 मिलीग्राम हेरोइन एवं 24 हजार रुपए की राशि बरामद हुई। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच डिंग थाना पुलिस को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
