हनुमानगढ़। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के इंजीनियरिंग सुपरवाइजर राजेश कुमार को बंधक बनाकर पीटने, सरकारी उपकरण छीनने और राजकार्य में बाधा उत्पन्न करने के प्रकरण में अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। इससे नाराज विद्युत कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति ने राजेश कुमार के साथ मारपीट करने के प्रकरण में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। समिति की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि यदि 4 फरवरी की शाम तक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो 5 फरवरी को सुबह 10.15 बजे से अधीक्षण अभियंता कार्यालय में बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। सूचना में कहा गया है कि इस आंदोलन के दौरान विद्युत आपूर्ति को छोड़कर शेष सभी कार्यांे का शांतिपूर्ण तरीके से पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। संघर्ष समिति ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। यह सूचना विद्युत श्रमिक संघ बीएमएस, आरवीटीकेए एवं इंटक से जुड़े संगठनों की ओर से संयुक्त रूप से जारी की गई है। बिजलीकर्मियों के इस फैसले से विभागीय कार्यप्रणाली पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
