हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के अधीनस्थ वाग्भट वेलनेस एवं आयुष हॉस्पिटल की ओर से आयोजित 10 दिवसीय मेगा नि:शुल्क आयुर्वेदिक, नेचुरोपैथी एवं फिजियोथेरेपी स्वास्थ्य शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार का लाभ ले रहे हैं। शिविर में कमर दर्द, घुटनों का दर्द, नसों में दबाव, माइग्रेन, एड़ी का दर्द तथा आंखों से संबंधित रोगों की अक्षय दर्पण पद्धति से जांच कर आयुर्वेदिक चिकित्सा के जरिए उपचार किया जा रहा है। शिविर में पोटली, अभ्यंग, स्वेदन बस्ती, शिरोधारा, जकूजी, कर्णपूरण, हॉट फुट बाथ, स्पाइनल बाथ, हिप बाथ सहित नेचुरोपैथी एवं फिजियोथेरेपी पद्धतियों से भी नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही मरीजों को औषधीय जल एवं काढ़ा भी नि:शुल्क पिलाया जा रहा है। प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने बताया कि श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ समाज के स्वास्थ्य संवर्धन को भी अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी मानता है। आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न रोगों की रोकथाम के लिए प्राकृतिक चिकित्सा, योग एवं आयुर्वेद को अपनाना समय की आवश्यकता है। भविष्य में भी ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन जारी रहेगा। मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रुति वशीलू ने कहा कि अब हनुमानगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही है, जिससे उन्हें हरिद्वार अथवा अन्य दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। हॉस्पिटल समन्वयक अनिल जांदू ने बताया कि शिविर के चौथे दिन मंगलवार तक लगभग 150 से 200 मरीज उपचार का लाभ ले चुके हैं। शिविर में चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार पूर्णत: नि:शुल्क है, जबकि आयुर्वेदिक दवाइयों पर 80 प्रतिशत तक की छूट प्रदान की जा रही है। शिविर के आयोजन में डॉ. साहिल ग्रोवर, डॉ. मीनाक्षी बिश्नोई, फिजियोथेरेपी विशेषज्ञ डॉ. नवजोत सिंह एवं प्रदीप शर्मा सहित थेरेपिस्ट अनुभव सैनी, सिया सैनी, गुरुदास, प्रेरणा, निखिल, आकाश, पूजा, विक्रम सहयोग कर रहे हैं।
