हनुमानगढ़। टाउन रोड से भद्रकाली माता मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य पिछले दो वर्षां से अधूरा पड़ा होने के कारण आमजन, किसानों व विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अमरपुरा थेड़ी के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सड़क निर्माण पूर्ण कराने की मांग की। इससे पहले ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अमरपुरा थेड़ी के नजदीक स्थित मां भद्रकाली मंदिर में माथा टेका।


इसके बाद वहां से नंगे पांव पैदल चलकर कलक्ट्रेट पहुंचे और कलक्ट्रेट भवन में स्थापित महात्मा गांधी को नमन कर जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने करीब 13 किलोमीटर की यात्रा 4 घंटे में तय की। हाथ में तिरंगा पकड़े ग्रामीणों के साथ ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी गले में मांग लिखी तख्ती डालकर कलक्ट्रेट पहुंचे। ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी ने बताया कि भद्रकाली माता का मेला 19 मार्च से प्रारंभ होने वाला है।


ऐसे में करीब 7 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं के लिए गंभीर समस्या बन सकती है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं, जिनसे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्कूली बच्चे साइकिल से विद्यालय जाते समय गिरकर घायल हो रहे हैं, वहीं वाहनों के टायर पंक्चर होना और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को नुकसान पहुंचना आम बात हो गई है। स्वामी के अनुसार यह सड़क कई गांवों को जोड़ती है और कृषि कार्यां के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्य की धीमी गति से किसानों को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी की ओर से कभी 500 मीटर तो कभी कुछ दूरी का काम कर लंबे समय तक कार्य रोक दिया जाता है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि भद्रकाली माता मेला शुरू होने से पूर्व सड़क निर्माण कार्य को पूर्ण कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं सहित आमजन को राहत मिल सके। इस मौके पर विजय, मांगीलाल, भैरव, जितेन्द्र पुरी, धनराज, गिरधारी स्वामी, अमित बिश्नोई, पियूष मोंगा, गुरदेव सिंह मौजूद रहे।


क्या कहते हैं अधिकारी
उधर, पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अनिल अग्रवाल के अनुसार टाउन से भद्रकाली मंदिर को जाने वाली छह किलोमीटर सड़क के चौड़ाईकरण का कार्य बजट घोषणा के तहत स्वीकृत हुआ था। जब संवेदक को कार्य आवंटित किया गया था उस समय यह कार्य पूर्ण करने की अवधि 29 जुलाई 2025 नियत थी। पूर्व में निर्माण कार्य के दौरान पेयजल पाइप लाइन व विद्युत पोल हटाने का कार्य काफी समय तक बाधित रहने के चलते कुछ जगह में चौड़ाईकरण का कार्य बाधित रहा। इसके बाद चौड़ाईकरण कार्य पूर्ण करने के बाद डामरीकरण कार्य शुरू किया गया। करीब दो किलोमीटर तक डामरीकरण कार्य संवेदक की ओर से किया गया।

सर्दी का मौसम होने की वजह से कार्य को रोक दिया गया जो वर्तमान में भी बंद है। इस संबंध में संवेदक को नोटिस जारी किया गया है और उस पर कार्य में देरी करने पर 13 लाख रुपए की अंतिम शास्ति आरोपित की गई है। मौसम अनुकूल होने पर संवेदक की ओर से डामरीकरण कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा आबादी क्षेत्र में 13 एचएमएच के पास करीब तीन सौ मीटर लंबाई में सीसी रोड का निर्माण किया जाना है। इसके लिए भी संवेदक की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दस दिन में सीसी रोड का कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। सारा कार्य मार्च माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। वांछित प्रगति नजर नहीं आने पर निश्चित रूप से अनुबंध के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
