हनुमानगढ़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 के अंतर्गत गुरुवार को हनुमानगढ़ से दक्षिण भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल तिरुपति बालाजी के लिए विशेष वातानुकूलित ट्रेन रवाना की गई। ट्रेन को भाजपा नेता देवेंद्र अग्रवाल, किन्नर समाज से मैना बाई, वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता विजय कौशिक, पंडित गिरिराज शर्मा तथा देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन रवाना करने से पूर्व मुख्य अतिथियों द्वारा मुख्य द्वार पर रिबन काटकर व नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात ट्रेन के अंदर विशेष पूजा-अर्चना भी संपन्न हुई। इस दौरान पूरा रेलवे स्टेशन “गोविंदा-गोविंदा” और “जय बालाजी” के जयकारों से गूंज उठा। सैकड़ों वरिष्ठ नागरिकों की आंखों में आस्था, उत्साह और संतोष स्पष्ट झलक रहा था।
– पूरे राजस्थान से 960 यात्री शामिल
इस विशेष तीर्थ यात्रा ट्रेन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से चयनित कुल 960 वरिष्ठ नागरिक रवाना हुए हैं। इनमें हनुमानगढ़ जिले से 100 तथा श्रीगंगानगर जिले से 100 यात्री शामिल हैं। शेष यात्री प्रदेश के अन्य जिलों से चयनित किए गए हैं। यह यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क है तथा सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा की गई हैं।
– 6 दिवसीय यात्रा में प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि यह तीर्थ यात्रा 6 दिनों की होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी के दर्शन के साथ-साथ पद्मावती माता मंदिर एवं आसपास के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन, भोजन, विश्राम एवं स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाएं सुनियोजित ढंग से की गई हैं।
– ट्रेन में चाक-चौबंद व्यवस्थाएं
राज्य सरकार द्वारा इस यात्रा के लिए विशेष एसी ट्रेन की व्यवस्था की गई है। ट्रेन के प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारी तैनात किए गए हैं। साथ ही पूरी यात्रा के दौरान मेडिकल स्टाफ, अनुभवी डॉक्टर, मेल नर्स, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यात्रा की निगरानी के लिए एक गजेटेड अधिकारी भी ट्रेन में तैनात किया गया है।

– अतिथियों का संबोधन
भाजपा नेता देवेंद्र अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। यह योजना उसी भावना का प्रतीक है। उन्होंने देवस्थान विभाग एवं सहायक आयुक्त ओमप्रकाश की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आयोजन को अत्यंत सुव्यवस्थित बताया। समाज सेवी विजय कौशिक ने कहा कि सभी नागरिक महंगी एव लम्बी दूरी के तीर्थ स्थलो की यात्रा करने मे सक्षम नही है।भजन लाल सरकार द्वारा वरिषठो के सम्मान मे ये सहज सुलभ निःशुल्क यात्रा किसी वरदान से कम नही है।जो अन्य राज्यो के लिए भी अनुकरणीय ,सराहनीय और प्रसंशनीय है।
सेवा एवं सहयोग
इस पुनीत अवसर पर श्री खुशाल दास यूनिवर्सिटी की शाखा वाग्भट वेलनेस आयुष हॉस्पिटल की ओर से हॉस्पिटल समन्वयक अनिल जांदू व यूनिवर्सिटी पीआरओ मनीष कौशिक के नेतृत्व में सभी तीर्थ यात्रियों को जड़ी बूटी युक्त गरम काढा पिलाया गया एवं अतिथियों को हद और दलिए का वितरण किया गया। किन्नर समाज की ओर से उनके मुखिया मैंना बाई की ओर से सभी तीर्थ यात्रियों को सरस डेरी द्वारा निर्मित स्वादिष्ट खीर का वितरण किया गया एवं सुंदरकांड मंडली के कमल शर्मा द्वारा सभी को सुंदरकांड व हनुमान चालीसा भेंट किए गए। संगीतकार गिरिराज शर्मा ने भजन सुना कर पूरा वातावरण को भक्ति मय बना दिया

– भावुक पल
ट्रेन रवाना होने से पहले प्लेटफॉर्म पर भावुक दृश्य देखने को मिले। कई वरिष्ठ यात्रियों ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इतने सम्मान और सुविधाओं के साथ तिरुपति बालाजी के दर्शन कर पाएंगे। यात्रियों व उनके परिजनों ने सरकार एवं देवस्थान विभाग की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
– भक्तिमय माहौल में ट्रेन रवाना
ढोल-नगाड़ों, मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच ट्रेन अपनी यात्रा पर रवाना हुई। यात्रियों ने खिड़कियों से हाथ हिलाकर सभी को प्रणाम किया। राज्य सरकार की यह पहल सुनिश्चित करती है कि कोई भी वरिष्ठ नागरिक आर्थिक या शारीरिक कारणों से तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे।
