रावतसर। ग्राम उत्थान शिविर के अंतर्गत गुरुवार को रावतसर के ग्राम पंचायत गंधेली में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग की तत्पर कार्रवाई से 15 वर्ष पुराना लंबित प्रकरण मौके पर ही निस्तारित हो गया। पटवार मंडल लालपुरा के अंतर्गत 26 आरडी स्थित खाताधारक कालू खां पुत्र सफी मोहम्मद सहित संबंधित खातेदारों की कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से आपसी सहमति नहीं बन पा रही थी। शिविर के दौरान सभी पक्षों में आपसी सहमति बनने के बाद राजस्व टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खाता विभाजन की प्रक्रिया पूर्ण कराई। इस दौरान रावतसर तहसीलदार पायल अग्रवाल, नायब तहसीलदार देवीलाल बालन, गिरदावर शिव भगवान तथा पटवारी मुकेश कुमार की मौजूदगी में नियमानुसार कार्रवाई की गई। मौके पर ही समाधान मिलने से लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार की जनहितैषी पहल की सराहना की और माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा राजस्थान सरकार का आभार प्रकट किया। ग्राम उत्थान शिविर के माध्यम से वर्षों पुराने विवाद का शांतिपूर्ण और त्वरित समाधान होने से ग्रामीणों में विश्वास और राहत का माहौल बना।
