हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मैमोरियल विधि महाविद्यालय में चल रहे खेल सप्ताह संगम क्रीड़ा कार्यक्रम के पांचवें दिन शुक्रवार को हेड कप रेस, गुब्बारा दौड़, म्यूजिकल चेयर सहित कई खेलों का आयोजन किया गया। हेड कप रेस खेल में छात्रा वर्ग में कविता प्रथम, प्रियंका द्वितीय तथा सुमित्रा तृतीय एवं छात्र वर्ग में विक्रम प्रथम एवं मनोज द्वितीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार गुब्बारा दौड़ में छात्रा वर्ग में नम्रता प्रथम, प्रियंका द्वितीय तथा कविता तृतीय स्थान पर रही।

छात्र वर्ग में विक्रम प्रथम, सोनू द्वितीय एवं मनोज तृतीय स्थान पर रहे। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता छात्र-छात्राओं के बीच संयुक्त रूप से खेली गई। इसमें विक्रम प्रथम, रमन बाला द्वितीय तथा मोहित तृतीय स्थान पर रहे। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सीताराम ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आत्म-विकास का माध्यम हैं। यह हमें जीवन में अनुशासन, एकता और दृढ़ संकल्प का पाठ सिखाते हैं। जो छात्र-छात्राएं खेलों में सक्रिय रहते हैं, वे न केवल स्वस्थ शरीर के धनी होते हैं, बल्कि उनके भीतर नेतृत्व, सहनशीलता और संघर्ष की भावना भी जन्म लेती है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य सर्वांगीण विकास है और खेलकूद इस विकास की प्रमुख धारा हैं। मंच संचालन सहायक आचार्य विकास चौधरी ने किया। इस मौके पर सह-आचार्य डॉ. केबी ओझा एवं सहायक आचार्य डॉ बृजेश अग्रवाल, डॉ. मोहम्मद इमरान, अशोक कुमार, हरीश कुमार, निखिल सिगची, डॉ. दिनेश खोथ, क्रांति गिला, नरेश कुमार, नीरज शर्मा, मीनाक्षी धूड़िया, श्रवण कुमार मौजूद रहे।
