ऐलनाबाद। शहर के नोहर रोड शेरावाली ढाणी रोड नियर अंडर ब्रिज के पास हुड्डा कॉलोनी मोड पर डायल 112 पुलिस वाहन की लापरवाही से हुए सड़क हादसे में बिजली विभाग के कर्मचारी, उनकी बेटी और बेटे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को पहले नागरिक अस्पताल ऐलनाबाद में भर्ती कराया गया, यहां से उन्हें सिरसा रेफर किया गया। बाद में गंभीर हालत के चलते घायल पिता व बेटी को हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। घटना 4 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:45 बजे की है। वार्ड नंबर 16 बगीची मोहल्ला ऐलनाबाद निवासी राजकुमार (40), जो बिजली विभाग ऐलनाबाद में कार्यरत हैं, अपने बच्चों अनुष्का (15) और कुनाल (12) के साथ मोटरसाइकिल पर बाजार से सामान लेकर खोसा स्टेडियम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रही डायल 112 नंबर 628 की गाड़ी ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी।

हादसे में राजकुमार व उनकी बेटी अनुष्का को गंभीर चोटें आईं, जबकि बेटे कुनाल के पैरों में चोटें लगीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर जुटे लोगों की मदद से घायलों को पुलिस वाहन व अन्य गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया। राजकुमार के पिता खेताराम (70), सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी, ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि डायल 112 वाहन चालक ने तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाकर हादसा किया। फिलहाल राजकुमार और उनकी बेटी गंभीर चोटों के कारण बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। राजकुमार व उनकी बेटी का इलाज हिसार के सर्वेश अस्पताल में चल रहा है, जहां इलाज के दौरान बेटी की मौत हो गई व राजकुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने खेताराम के बयान के आधार पर थाना ऐलनाबाद में डायल 112 वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 125(ए) और 324(4) के तहत मुकदमा नंबर 37 दिनांक 06.02.2026 दर्ज कर लिया है। शिकायत शिकायतकर्ता की शिकायत के बाद बेटी की मौत की खबर सामने आई है ऐलनाबाद पुलिस द्वारा इस मामले मे मौत की धाराएं भी ऐड की जाये गी। मामले की जांच एएसआई विजय द्वारा की जा रही है. गौरतलब है कि आज राजकुमार की बेटी अनुष्का का नोहर रोड स्थित शिवपुरी( कल्याण भूमि)मे बड़ी गमगीन स्थिति में दाह संस्कार कर दिया गया है।
