हनुमानगढ़। सशक्त नारी संस्थान की की ओर से जंक्शन में शिव मंदिर मल्टीप्लेक्स के पास स्थित स्लम एरिया में सशक्त नारी पाठशाला की शुरुआत की गई। यह पाठशाला हर शाम 5 से 6 बजे तक बच्चों के लिए चलेगी। कार्यक्रम में संस्थापक एवं अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल के नेतृत्व में संस्थान सदस्यों ने बच्चों को मुफ्त पाठ्य सामग्री जैसे कॉपी, पेंसिल, पुस्तकें उपलब्ध करवाईं।

इसके साथ ही, छोटी-छोटी प्रतियोगिताओं में विजेताओं को मेडल प्रदान किए गए ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास बना रहे। इस मौके पर अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य सिर्फ पढ़ाना नहीं, बल्कि इन बच्चों के भीतर आत्मविश्वास, सपने और उम्मीद जगाना है। उन्होंने कहा, “ये बच्चे हमारा परिवार हैं। हम इन्हें अकेला नहीं छोड़ेंगे।” संस्थान संरक्षक भावना मित्तल ने कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं।

उन्हें सही दिशा, मार्गदर्शन और निरंतर प्रेरणा मिलती रहे, यही हमारा प्रयास है। उपाध्यक्ष निशा मित्तल ने बताया कि सशक्त नारी संस्थान द्वारा अंतिम पंक्ति के अंतिम बच्चे को शिक्षा से जोड़ने के लिए चलाई जा रही यह सशक्त नारी पाठशाला सराहनीय है ।

इस मौके पर संस्थान संरक्षक भावना मित्तल, बचना मित्तल, सचिव प्रीति गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल, सदस्य अनीता गर्ग, श्वेता गोयल, दीपमाला गेरा, सिमरन कौर मौजूद रहीं।
