ऐलनाबाद। नचिकेतन पब्लिक स्कूल की कक्षा सातवीं की छात्रा सहजप्रीत निरंतर सफलता के पथ पर अग्रसर है। मात्र आठ वर्ष की अल्पायु में तीर-कमान थामने वाली सहजप्रीत आज अपनी अथक मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल कर विद्यालय, शहर और जिले का नाम रोशन कर रही है। हाल ही में 40वीं हरियाणा तीरंदाजी चैम्पियनशिप का आयोजन 1 फरवरी से 3 फरवरी तक सर दीनबंधु स्टेडियम, पलवल में किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहजप्रीत ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। उन्होंने न केवल 11 वर्ष आयु वर्ग में बल्कि अंडर-13 आयु वर्ग में स्वर्ण पदक, अंडर-15 आयु वर्ग में तीन स्वर्ण पदक (रैंकिंग, फाइट मैच एवं टीम स्पर्धा) तथा अंडर-17 आयु वर्ग में रजत पदक सहित कुल छह पदक जीतकर विद्यालय, शहर, जिला एवं अपने माता-पिता का नाम गौरवान्वित किया। सहजप्रीत की इस शानदार सफलता में जितनी भूमिका उसकी मेहनत और समर्पण की है, उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका उसके माता-पिता की भी रही है। प्रातः विद्यालय समय से पहले अनेक अवसरों पर विद्यालय के फ्रंट लॉन में उसके पिता एवं माता को स्वयं अभ्यास कराते हुए देखा गया है। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि इस होनहार खिलाड़ी की सफलता के पीछे उसके अभिभावकों का निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रेरणा एक मजबूत आधार है, जिसके लिए वे विशेष रूप से धन्यवाद के पात्र हैं। विद्यालय परिसर में पहुंचने पर सहजप्रीत का जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने उसकी उपलब्धि की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि वह दिन दूर नहीं जब नचिकेतन पब्लिक स्कूल से एक और ओलंपियन उभरकर देश के लिए पदक लेकर आएगी और सहजप्रीत अपने सपनों को साकार कर राष्ट्र का गौरव बढ़ाएगी। इस मोके पर विद्यालय चेयरमैन राजेंद्र सिंह सिद्धु एवं सचिव छबील दास सुथार, निदेशक रणजीत सिंह सिद्धु, प्रशासक अशोक कुमार मोहराना, प्राचार्य सत्यनारायण पारीक, प्रबंधन समिति के सदस्य परमिंद्र सिंह सिद्धु, कपिल सुथार, शिवम सुथार, अभिभावक परमिंदर परमा जी, विद्यालय प्रेस प्रवक्ता गुरसेवक सिंह, अध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने खिलाड़ी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
