हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में बिश्नोई धर्मशाला के सामने सांवरिया सनरूफ का विधिवत शुभारंभ विधायक गणेश राज बंसल द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सोलर ऊर्जा से जुड़े लोग उपस्थित रहे। विधायक बंसल ने फीता काटकर प्रतिष्ठान का उद्घाटन किया और सोलर ऊर्जा को समय की आवश्यकता बताते हुए इसके अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया। इस अवसर पर सांवरिया सनरूफ के संचालक रितेश रागी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी संस्था द्वारा रूफटॉप सोलर, आवासीय भवनों, औद्योगिक इकाइयों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सोलर पैनल स्थापित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आवासीय सोलर संयंत्रों पर सरकार की ओर से लगभग 78 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ मिल रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं के लिए सोलर सिस्टम लगवाना काफी किफायती हो गया है। रितेश रागी ने बताया कि कंपनी की ओर से सोलर पैनलों पर इंश्योरेंस सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। यदि सोलर प्लेट किसी तूफान में उड़ जाती है, टूट जाती है, कोहरे या मौसम के कारण खराब हो जाती है अथवा उस पर कोई भारी वस्तु गिरने से नुकसान होता है, तो ऐसी स्थिति में बीमा कवर के तहत सुरक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने सोलर प्लांट की दरों की जानकारी देते हुए बताया कि 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम 1 लाख 68 हजार रुपए, 5 किलोवाट का 2 लाख 30 हजार रुपए तथा 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम 3 लाख 65 हजार रुपए में उपलब्ध रहेगा। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के सोलर प्लांट पर 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी सीधे उपभोक्ता के बैंक खाते में जमा होगी। इसके अतिरिक्त दो लाख रुपए तक का ऋण मात्र 6 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसकी पूरी प्रक्रिया कंपनी द्वारा ही करवाई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने सोलर ऊर्जा के लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और बिजली बिलों में कमी के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा सांवरिया सनरूफ को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
