हनुमानगढ़। ग्राम चार एआरडब्ल्यू-ए स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के स्टाफ को बदलने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने विधायक को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने वर्तमान विद्यालय स्टाफ की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार प्राथमिक पाठशाला में वर्तमान में दो महिला शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन उनकी ओर से विद्यालय में सुचारू रूप से शिक्षण कार्य नहीं किया जा रहा। इससे विद्यार्थी, अभिभावक एवं ग्रामीण संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने बताया कि यह विद्यालय पूर्व में भी कई बार विवादों में रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ समय पूर्व जब अभिभावक विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई से संबंधित जानकारी लेने पहुंचे तो वहां कार्यरत महिला शिक्षकों की ओर से कथित रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अभद्र व्यवहार किया गया। इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्यालय के वर्तमान स्टाफ को हटाकर उनकी जगह किसी पुरुष शिक्षक स्टाफ की स्थायी नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यालय में अनुशासन एवं शिक्षण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस मौके पर विकास, असकर अली, हंसराज, नेतराम, रामकुमार, लेखराम, ओमप्रकाश, प्रभूराम, आमीन खान, कृष्णलाल, वेदप्रकाश, विनोद कुमार, हीरालाल, इन्द्राज सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
