टिब्बी। कस्बे के पास ग्राम पंचायत राठीखेड़ा के चक पांच आरके में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्टरी के विरोध में फैक्ट्री हटाओ क्षेत्र बचाओं संघर्ष के तत्वावधान में पिछले 18 माह से चल रहे आंदोलन के तहत किसानों ने बुधवार को क्षेत्र के गांव तलवाड़ा झील की अनाज मण्ड़ी में महापंचायत की। किसान फैक्टरी का एमओयू रद्द करने तथा आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मामले वापस लिए जाने की मांग कर रहे है। किसानों की महापंचायत को देखते हुए पुलिस व प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे मौके पर पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ करीब 750 पुलिस के जवान तैनात किए गए थे।

हालांकि किसानों की महापंचायत शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो जाने पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने राहत की सांस ली। महापंचायत में मौजूद किसानों को सम्बोंधित करते हुए वक्ताओ ने कहा कि एथेनॉल फैक्टरी से क्षेत्र की खेती, भू-जल और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पडऩे की आशंका है। उन्होने कहा कि यह संघर्ष केवल किसी एक फैक्टरी के विरोध का नही है बल्कि खेती, जमीन और किसानों के भविष्य की लड़ाई है। यह जमीन हमारी, यह मिट्टी हमारी है यह पानी हमारा है जिसे किसी भी सूरत में खराब नही होने दिया जाएगा तथा इसे बचाने के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार है। किसान नेताओं ने कहा कि जब तक किसानों की मांगों को पूरा नही किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि 17 दिसम्बर को हनुमानगढ में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई वात्र्ता के दौरान बनी सहमति पर आज तक कोई कार्रवाई नही हुई है। सरकार व प्रशासन केवल आश्वासन दे रहे है। वक्ताओं ने कहा कि अभी हमारी लड़ाई खत्म नही हुई है जब तक फैक्टरी का एमओयू रद्द व किसानों पर दर्ज मामले वापस नही होते तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

किसानों ने कहा कि 10दिसम्बर तक प्रशासन उनकी बात सुनने को तैयार नही था वहीं आज जिले के आला अधिकारी तलवाड़ा झील में उनकी बात सुनने को तलवाड़ा झील में डेरा जमाए बैठे है। सभा के दौरान प्रशासन के आमन्त्रण पर 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मण्ड़ल ने प्रशासनिक अधिकारियों से वात्र्ता की। वार्ता में प्रशासन की ओर से जिला कलेक्टर ड़ॉ खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक हरीशंकर, टिब्बी एसडीएम सत्यनारायण सुथार व संगरिया एसडीएम जय कौशिक मौजूद रहे। वार्ता के दौरान अधिकारियों ने किसानों के प्रतिनिधि मण्ड़ल को लिखित में आश्वासन दिया जिसमें बताया गया है कि १७ दिसम्बर को संघर्ष समिति के साथ दो बिन्दुओं पर सहमति बनी थी जिसमें फैक्टरी का एमओयू रद्द करने हेतु राज्य सरकार को पत्र प्रेषित किया गया जो कि राज्य सरकार को भेजा जा चुका है तथा दूसरी मांग फैक्टरी आंदोलन के दौरान दर्ज प्रकरणों की जांच सीआईडीसीबी करवाए जाने सम्बंधी कार्रवाई जो सम्बंधित एजेंसी को सौंप दी गई है।

पत्र में बताया गया है कि पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन विभाग राजस्थान सरकार द्वारा एथेनॉल फैक्टरी मामले को लेकर 16 दिसम्बर 2025 को फैक्टरी से होने वाले संभावित भूजल एवं प्रदूषण के परीक्षण के सम्बंध में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया कमेटी द्वारा लोकहित के साथ क्षेत्र की जनभावना को ध्यान में रखते ही समुचित निर्णय हेतु आग्रह किया जाएगा। प्रशासन की ओर से यह पत्र एसडीएम जय कौशिक व सत्यनारायण सुथार ने सभास्थल पर पहुंचकर मंच पर पढकर सुनाया तथा संघर्ष समिति के सदस्यों को सौंपा। इस मौके पर संघर्ष समिति के महंगा सिंह सिधु, रविजोत जोसन, नितिन ढाका, मदन दुगेसर, सुखजीत सिंह , बलजिन्द्र सिंह मसानी, रविन्द्र रिणवां, मंगेज चौधरी, जगजीत सिंह जग्गी, प्यारा सिंह, रूपिन्द्र मान, निर्मल जैन, कृष्ण जांदू, बलजीत सिंह, मनिंद्र सिंह सहित बड़ी तादाद में महिला-पुरूष मौजूद थे।
23 मार्च को टिब्बी में होगी महापंचायत
तलवाड़ा झील में आयोजित महापंचायत के दौरान संघर्ष समिति के सदस्यों ने फैक्टरी का एमओयू रद्द नही होने तथा किसानों पर दर्ज मामले वापस नही लेने तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लेते हुए पांचवीं महापंचायत 23 मार्च को टिब्बी में आयोजित करने की घोषणा की। संघर्ष समिति के सदस्यों ने कहा कि 23 मार्च को शहीदी दिवस पर टिब्बी में ऐतिहासिक महापंचायत आयोजित होगी। संघर्ष समिति की ओर से सोशल मिडिया पर रेल व सडक़ मार्ग जाम करने की चेतावनी के चलते पुलिस व प्रशासन मुस्तैद रहा।

इंटरनेट सेवा बंद-निषेधाज्ञा रही लागू
तलवाड़ा झील में महापंचायत को देखते हुए एहतियात के तौर पर मंगलवार शाम छह बजे टिब्बी तहसील क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया। इसके साथ ही स्थानीय उपखण्ड़ मजिस्ट्रेट ने तलवाड़ा झील क्षेत्र में निषेधाज्ञा धारा 163 लागू कर दी। इस दौरान तलवाड़ा झील में पुलिस के 750 जवान तैनात किए गए थे। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार, राजस्व अपील अधिकारी भवानी सिंह पंवार, डीवाईएसपी करण सिंह, रमेश माचरा व मीनाक्षी, एसडीएम हनुमानगढ मांगीलाल सुथार, रावतसर एसडीएम संजय कुमार,पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग अवि गर्ग, तहसीलदार हरीश कुमार टाक, थानाधिकारी हंसराज लूणा व जगदीश सिंह आदि अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी पर तैनात रहे।

रेल सेवाएं रही बाधित
तलवाड़ा झील में महापंचायत के दौरान संघर्ष समिति की ओर से रेल व सडक़ मार्ग को बाधित करने की दी गई चेतावनी के बाद एहतियात के तौर पर बुधवार को हनुमानगढ-सादुलपुर रेल मार्ग पर रेल सेवाएं आंशिक तौर पर बाधित रही। तलवाड़ा झील के स्टेशन मास्टर सुरेन्द्र कुमार के अनुसार 1.55 पर हनुमानगढ से चलकर सादुलपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 04746 व रात 9.15 बजे हनुमानगढ पहुंचने वाली गाड़ी संख्या 04775 रद्द रही जब कि शाम चार बजे हनुमानगढ पहुंचने वाली रेल गाड़ी करीब दो घंटे देरी से चली।
