हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ की पावन धरा पर पहली बार श्री बाबा खाटू श्याम जी की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव 18 से 22 फरवरी तक टाउन की बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गोशाला में गोमाता के सानिध्य में आयोजित होगा। कथा महोत्सव की शुरुआत 17 फरवरी को शाम 4 बजे शोभायात्रा एवं कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा धान मंडी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख बाजारों एवं मुख्य मार्गां से होती हुई कथा स्थल फाटक गोशाला पहुंचेगी। शोभायात्रा में श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए एवं सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लेंगे। फाटक गोशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि कथा का वाचन श्री कथा व्यास केपी लाटा की ओर से किया जाएगा, जो मोरछड़ी दरबार पदमपुर के निज सेवक हैं। उनकी ओजस्वी एवं भक्तिरस से ओतप्रोत वाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्री बाबा खाटू श्याम जी की महिमा का श्रवण करने का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ में पहली बार इस प्रकार की सत्य स्कंदपुराणोक्त कथा आयोजित की जा रही है, जो नगर के लिए गौरव का विषय है। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। साथ ही श्रद्धालुओं को श्री गोमाता की दिव्य कथा का भी श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
