हनुमानगढ़। नगर परिषद क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में वर्षां से लंबित पट्टे जारी करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में टाउन की भभूतासिद्ध कॉलोनी, हीरा सिंह कॉलोनी (सिलू की बाड़ी), अम्बेडकर कॉलोनी, सहारा कॉलोनी, कड़वासरा कॉलोनी, लोहिया कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला, नई आबादी, बरकत कॉलोनी, सोरगर मोहल्ला और बिहारी बस्ती के करीब 40 हजार निवासियों को शीघ्र पट्टे जारी करने की मांग की गई। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि वर्ष 2011 से 2025 तक विभिन्न सरकारों की ओर से ‘प्रशासन शहरों के संग जैसे अभियान चलाए गए, लेकिन इन क्षेत्रों के लोगों को अब तक स्थायी पट्टे नहीं मिल पाए हैं। इसके कारण हजारों परिवार पिछले 15 वर्षां से असुरक्षा और मानसिक तनाव में जीवन यापन कर रहे हैं। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर परिषद प्रशासन दोहरा मापदंड अपना रहा है। एक ओर घग्घर नदी के मूल बहाव क्षेत्र में प्रभावशाली लोगों को अस्पताल, मैरिज पैलेस, मॉल और कॉलोनियों के लिए पट्टे जारी किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुरानी बस्तियों को जोहड़ पायतन या पुरातत्व विभाग की आपत्तियों का हवाला देकर वंचित रखा जा रहा है। आप नेताओं ने कहा कि हीरासिंह कॉलोनी की भूमि वर्ष 1973 में सरकार की ओर से हस्तांतरित की गई थी, भभूतासिद्ध कॉलोनी और अम्बेडकर कॉलोनी का आवंटन भी 1970 के दशक में प्रशासन की ओर से किया गया था। पंजाबी मोहल्ला में कुछ निवासियों के पास महाराजा गंगा सिंह कालीन पट्टे भी उपलब्ध हैं। इसके बावजूद पट्टे जारी नहीं करना न्यायसंगत नहीं है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इन कॉलोनियों में पिछले वर्षांे में नगर परिषद की ओर से करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि प्रशासन स्वयं इन्हें आवासीय क्षेत्र मानता है। इसके बावजूद पट्टे जारी न करना भेदभावपूर्ण निर्णय बताया गया है। आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर संबंधित कॉलोनियों के निवासियों को शीघ्र पट्टे जारी करने के निर्देश देने की मांग की। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर राजवीर माली, करनैल सिंह, लीलाधर भाट, सूरज चौधरी, जयपाल स्वामी, सुभाष पारीक, अशोक कुमार, विक्रम बिश्नोई, अनिल शर्मा मौजूद रहे।
