चारणवासी। मलवाणी गांव की श्री कृष्ण गौशाला के भव्य मुख्य द्वार का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। इस नव-निर्मित द्वार के शीर्ष पर भगवान श्री कृष्ण की अत्यंत मनमोहक प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसमें वे अपनी चिर-परिचित मुद्रा में बांसुरी बजाते हुए भक्तों का मन मोह रहे हैं। उनके साथ ही वात्सल्य और ममता की प्रतिमूर्ति गौ माता नंदी की सुंदर तस्वीरें भी स्थापित की गई हैं। यह द्वार केवल एक निर्माण मात्र नहीं है, बल्कि गौ माता के प्रति अटूट आस्था का केंद्र बन गया है, जिसके दोनों ओर गौ माता के भव्य बैनर श्रद्धालुओं का स्वागत करते हैं। रात्रि के समय द्वार पर की गई विशेष लाइटिंग की सजावट इसकी सुंदरता में चार चांद लगा देती है। अल सुबह जब गौभक्त और श्रद्धालु गौशाला में प्रवेश करते हैं, तो उन्हें द्वार पर ही प्रभु और गौ माता के दिव्य दर्शन प्राप्त होते हैं, जिससे पूरे दिन की शुरुआत सकारात्मकता और शांति के साथ होती है। विधायक अमित चाचाण सहित जनप्रतिनिधियों ने गेट का अवलोकन किया।गौशाला अध्यक्ष ओमप्रकाश गहलोत ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि गौशाला में विकास का यह सिलसिला अनवरत जारी है और यह सब क्षेत्र के दानदाताओं और भामाशाहों के उदार सहयोग से ही संभव हो पा रहा है। इस भव्य गेट के निर्माण से न केवल गौशाला की सुंदरता निखरी है, बल्कि यह ग्रामीणों की अटूट धार्मिक आस्था का प्रतीक भी बन गया है।
