रावतसर। आमजन की परिवेदनाओं के निस्तारण को लेकर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने रावतसर के कनवानी ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की परिवेदनाएं सुनी।

रात्रि चौपाल में विभागों के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को परिवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने भी गुड सेमेरिटन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

रात्रि चौपाल में सिंचाई विभाग के खाले, पीएम किसान सम्मान निधि, रास्ते से ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने इत्यादि को लेकर परिवाद सौंपे। इस मौके पर कनवानी स्थित राजकीय पशु चिकित्सा उपकेंद्र, आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की पेयजल स्टोरेज डिग्गी का निरीक्षण किया। इस मौके पर उन्होंने पशु चिकित्सा केंद्र में सभी व्यवस्थाओं और पशुपालकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।

उप स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डिग्गी में साफ-सफाई को लेकर निर्देश दिये। रात्रि चौपाल में पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची, जिला परिषद एसीईओ सुनील छाबड़ा, एसडीएम श्री संजय कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहें।
