हनुमानगढ़। टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में टाउन वेंडिंग कमेटी (टीवीसी) की बैठक आयुक्त सुरेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में यातायात शाखा प्रभारी अनिल जिंदा, जिला परियोजना अधिकारी आंचल फुटेला, टाउन प्लानर निखिल मेहरा, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता पुरी तथा जिला परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र सिंह तंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में टाउन वेंडिंग कमेटी के निर्वाचित सदस्य हेमलता, सरवन कुमार एवं कालूराम ने बाजार क्षेत्र में शाम के समय उत्पन्न होने वाली अव्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस रेडी लगाने वाले व्यक्तियों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होती है तथा बाजार में अराजक स्थिति बन जाती है। सदस्यों ने प्रस्ताव रखा कि जिन पथ विक्रेताओं के पास वैध लाइसेंस नहीं है, उनके चालान काटे जाएं तथा एक व्यक्ति को एक से अधिक रेहड़ी लगाने की अनुमति न दी जाए। बैठक में नए वेंडिंग जोन निर्धारित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। साथ ही इन जोनों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई, जिनमें विशेष रूप से महिलाओं के लिए शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइट), डस्टबिन एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था शामिल है।
यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश
आयुक्त ने सफाई प्रभारी और यातायात शाखा प्रभारी को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में शाम के समय विशेष निगरानी रखी जाए। प्रत्येक क्षेत्र में एक-एक कर्मचारी की ड्यूटी सुनिश्चित कर यातायात को सुचारु बनाया जाए, ताकि पथ विक्रेता निर्धारित वेंडिंग जोन में खड़े होकर अपना व्यवसाय कर सकें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
बिना लाइसेंस विक्रेताओं का होगा पंजीकरण
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन पथ विक्रेताओं के पास लाइसेंस नहीं है, उनका पंजीकरण किया जाएगा, ताकि सभी विक्रेताओं की प्रोफाइल तैयार की जा सके और भविष्य में व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा सके। बैठक में नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उद्देश्य पथ विक्रेताओं के हितों की रक्षा करते हुए बाजार की व्यवस्था एवं यातायात को संतुलित बनाए रखना है।
