हनुमानगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए चिकित्सा विभाग ने डॉ. दीपक मीणा को लाल चौक के नजदीक स्थित कैनाल कॉलोनी चिकित्सालय में पदस्थापित किया है। उनके कार्यभार संभालने के साथ ही कैनाल कॉलोनी चिकित्सालय में फिजिशियन की नियमित सेवाएं शुरू हो गई हैं।सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सक की आवश्यकता थी। अब फिजिशियन उपलब्ध होने से मरीजों को सामान्य बीमारियों के साथ-साथ मधुमेह, रक्तचाप, हृदय संबंधी समस्याएं, श्वसन रोग तथा अन्य आंतरिक रोगों के उपचार मिल पाएगा। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ सेवाएं शुरू होने से मरीजों को समय पर जांच, उपचार एवं परामर्श मिल सकेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। विभाग ने उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और अस्पताल में मरीजों का भरोसा भी बढ़ेगा। चिकित्सा विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श अवश्य लें और नियमित जांच करवाएं।
