हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल के प्रांगण में बुधवार को हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने 11 गायत्री मंत्रों की आहुतियां अर्पित कीं, जबकि अभिभावक यजमान के रूप में मौजूद रहे। यह आयोजन त्रिदिवसीय श्रृंखला के अंतर्गत किया जा रहा है, जो लगातार तीन दिन तक चलेगा। विद्यालय प्रशासन के अनुसार हवन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बौद्धिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास को बढ़ावा देना है।

विद्यालय की प्राचार्य मीना वर्मा ने बताया कि परीक्षा का समय निकट आने के कारण यह आयोजन विशेष रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हवन विद्यालय की मासिक प्रक्रिया का हिस्सा है और हर माह नियमित रूप से विद्यालय परिसर में इसका आयोजन किया जाता है।

प्राचार्य ने बताया कि महाशिवरात्रि के बाद चल रहे ऋतु परिवर्तन के दौर और मार्च माह शुरू होने से पहले यह आयोजन बच्चों की दिनचर्या और आदतों में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हवन यज्ञ का तात्विक एवं सूक्ष्म प्रभाव हमारी ऋषि परंपरा और संस्कृति से जुड़ा हुआ है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक आयोजन विद्यार्थियों के मानसिक संतुलन, एकाग्रता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होते हैं, जो आज के समय में बेहद आवश्यक है।
