हनुमानगढ़। टाउन स्थित किरयाना भवन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कुपोषण की रोकथाम, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, हजार दिवस की अवधारणा तथा पोषण योजनाओं की जानकारी देकर कार्यकर्ताओं की क्षमता को सशक्त बनाना रहा। प्रशिक्षण सत्र का संचालन महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर ने किया। उन्होंने बताया कि गर्भधारण से लेकर बच्चे के दो वर्ष की आयु तक का समय स्वास्थ्य और पोषण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर पंजीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि गर्भधारण के तुरंत बाद आंगनबाड़ी केन्द्र एवं स्वास्थ्य विभाग में पंजीकरण करवाना अनिवार्य है, ताकि लाभार्थियों को सभी सरकारी सेवाओं का समय पर लाभ मिल सके। प्रशिक्षण के दौरान नेहा ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया समझाते हुए कार्यकर्ताओं से योजनाओं के बारे में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उपनिदेशक ज्योति रिपासवाल ने प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए सीखे गए विषयों पर प्रश्न पूछे और अम्मा पुस्तिका के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पुस्तिका गर्भावस्था, पोषण और शिशु देखभाल संबंधी जानकारी को सरल तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में मधु महाजन, टीना डोडा, रजनी, संतोष खीचड़, गुलज़ार बानो, रजवंत कौर, किरण शर्मा, मदन, दिनेश एवं कृष्ण ने सक्रिय सहयोग दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को व्यवहारिक जानकारी प्रदान कर प्रशिक्षण को उपयोगी बनाया।
पोषण सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्रों पर नियमित मॉनिटरिंग और पोषण सेवाओं के प्रभावी संचालन पर विशेष चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाने और लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के समापन पर सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने पूरे दिन के प्रशिक्षण की पुनरावृत्ति करवाई और कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं व बच्चों तक समय पर पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिलकर कुपोषण मुक्त समाज के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
