हनुमानगढ़। पिछले कुछ समय से अनियमित पेयजल आपूर्ति से परेशान चक छह एसटीजी एवं चक तीन एमओडी के ग्रामीणों का शुक्रवार को सब्र टूट गया। ग्रामीण ग्राम पंचायत मक्कासर के वाटर वर्क्स पर एकत्रित हुए और विरोध-प्रदर्शन किया। ग्राम पंचायत मक्कासर के प्रशासक बलदेव सिंह के नेतृत्व में जब ग्रामीण वाटर वर्क्स पहुंचे तो वहां कमरे पर ताला जड़ा मिला। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी को सूचना दी।

कर्मचारी ने अपने पिता के माध्यम से चाबी भिजवाई। मौके पर पहुंचे कर्मचारी के पिता ने बताया कि उनके पुत्र को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जिसके कारण यह स्थिति बनी। वेतन बकाया होने की जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों से संपर्क कर बकाया वेतन भुगतान करवाने की बात कही।

इसके बाद जलापूर्ति शुरू करवाई गई। प्रशासक बलदेव सिंह ने बताया कि वाटर वर्क्स से ग्राम पंचायत मक्कासर के चक छह एसटीजी तथा डबलीराठान के चक तीन एमओडी में पानी की सप्लाई की जाती है। पिछले करीब छह माह से जलापूर्ति सुचारू नहीं है। कभी 15 दिन पानी दिया जाता है तो कभी इससे भी कम। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही समस्या गंभीर रूप ले रही है।

उन्होंने बताया कि एक मोटर भी लंबे समय से खराब पड़ी है तथा डिग्गियों की सफाई नहीं करवाई गई है। ग्रामीण जब भी वाटर वर्क्स पहुंचते हैं तो अधिकतर ताला लगा मिलता है और चाबी भी उपलब्ध नहीं करवाई जाती।

बलदेव सिंह ने कहा कि कर्मचारी के वेतन बकाया होने की सूचना पहले ग्राम पंचायत को नहीं दी गई थी। अब अधिकारियों से बातचीत कर वेतन भुगतान करवाने और जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे पीएचईडी अधिकारियों के कार्यालय का घेराव करेंगे।
