हनुमानगढ़। यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन के तत्वावधान में हनुमानगढ़ की धरा पर पहली बार श्री करणी कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 22 फरवरी से 28 फरवरी तक जंक्शन धानमंडी में शेड नम्बर दो के नीचे होगा। कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। कथा का वाचन महंत डॉ. करणी प्रताप सिंह की ओर से किया जाएगा। आयोजन की शुरुआत 22 फरवरी को दोपहर 1 बजे कलश यात्रा से होगी, जो श्री करणी माता मंदिर से कथा स्थल तक निकाली जाएगी। शनिवार को जंक्शन स्थित श्री करणी माता मंदिर परिसर में आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया गया।

इस मौके पर श्री करणी मंदिर सेवा समिति के सदस्य अक्षयदान चारण ने कहा कि मां मातेश्वरी श्री जगदम्बा करणी जी सभी लोकों में देवी-देवताओं के रूप में पूजित हैं। हनुमानगढ़ में उनकी कथा का यह पहला आयोजन है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रेमसिंह शेखावत, पारस सारथी, धन्नेसिंह राठौड़, राजेन्द्र सिंह शेखावत, जसवीर सिंह राठौड़, ईश्वर प्रताप सिंह, समिति अध्यक्ष बहादुर सिंह शेखावत, सचिव धर्मसिंह शेखावत, गोपीसिंह शेखावत, भागीरथ सिंह चारण व राजेन्द्र सिंह चारण सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
