हनुमानगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री के मुख्य ओएसडी रहे आईएएस अधिकारी देवाराम सैनी के शनिवार को हनुमानगढ़ आगमन पर सैनी समाज की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के पदाधिकारियों व प्रबुद्धजनों ने साफा पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

जिला सैनी समाज के अध्यक्ष शिवशंकर खड़गावत तथा माली सैनी समाज समिति के अध्यक्ष राजकुमार सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत समारोह में समाज की एकजुटता और उत्साह देखने को मिला।

इस मौके पर वक्ताओं ने देवाराम सैनी की प्रशासनिक सेवाओं, कार्यशैली और सामाजिक निष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस दौरान देवाराम सैनी ने बताया कि हनुमानगढ़ में 12.2 करोड़ रुपए की लागत से कृषि कॉलेज के नए भवन का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। भवन में एडमिनिस्ट्रेटिव एवं एकेडमिक ब्लॉक के साथ छात्र-छात्राओं के लिए छात्रावास तथा डीन रेजीडेंस का निर्माण भी किया गया है।

वर्तमान में कृषि कॉलेज किराए के भवन में संचालित हो रहा है, जिसे विश्वविद्यालय से स्वीकृति प्राप्त होते ही नए भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। देवाराम सैनी ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने युवाओं से शिक्षा एवं प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का आह्वान किया। स्वागत समारोह में रामचंद्र महावर, एडवोकेट विनोद कुमार सैनी, सतपाल सैनी, दुर्गादत्त तंवर, किरोड़ीमल, दीपक किरोड़ीवाल, मेघराज तंवर, शंकरलाल भाटी, हेतराम सैनी एवं शिवचंद सैनी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

